आगरा: लोहामंडी के पुनिया पाड़ा के रहने वाले राशन डीलर सचिन जैन (32) की बुधवार
रात को सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। रात तकरीबन 12:45 बजे राशन डीलर का शव
कालिंदी विहार में खत्ता पार्क के पास पड़ा मिला। बृहस्पतिवार सुबह शनाख्त
होने पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। हत्या का कारण पता नहीं चल सका
है। सचिन जैन की नया बांस, लोहामंडी में राशन की दुकान है। वह ब्याज पर रुपये
भी देते थे। बड़े भाई अतुल जैन का इलेक्ट्रिक का कारोबार है। उन्होंने
बताया कि सचिन हर रोज घर से शाम को दोस्तों से मिलने जाता था। बुधवार शाम
को सात बजे घर से अपनी पैशन प्रो बाइक लेकर गया था। इसके बाद देर तक वापस
नहीं आया। रात तकरीबन दस बजे उसका फोन मिलाया, लेकिन स्विच आफ आया। रात
तकरीबन 12 बजे तक फोन नहीं लगा। इस पर लोहामंडी पुलिस को सूचना दी।उधर, रात तकरीबन 12:45 बजे सचिन जैन का शव कालिंदी विहार में खत्ता पार्क के पास पड़ा मिला। उनके सिर में दो जगह गहरी चोट के निशान थे। खून भी बह रहा था। भारी वस्तु से प्रहार करके हत्या की गई थी। जेब में राशन का एक ई बिल पड़ा हुआ था। पेंट की बेल्ट से बाइक की चाबी लटकी थी। पहले पुलिस घटना को हादसा मान रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को ई बिल पर लिखे डीएसओ के नंबर से पता किया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी। इस पर परिजन पहुंच गए।
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें